एक बार फिर 400 के पार पहुंचा शहर का एक्यूआई

साहिबाबाद। शहर का एक्यूआई एक बार फिर 400 के पार पहुंच गया है। मंगलवार को एक्यूआई 453 दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर बढ़ने की वजह से सुबह के समय आसमान में स्मॉग छाया रहा। दिनभर लोगों को सांस लेने में दिक्कत रही और आंखों में जलन हुई। प्रदूषण मानकों से साढ़े चार गुना अधिक रहा। सीपीसीबी के आंकड़ों में गाजियाबाद देश का दूसरा प्रदूषित शहर रहा। पहले नंबर पर पानीपत 458 एक्यूआई के साथ रहा।
शहर में प्रदूषण बढ़ने पर रोक नहीं लग पा रही है। सोमवार को एक्यूआई 391 था। शहर में सबसे ज्यादा प्रदूषित वसुंधरा इलाका रहा। यहां पर एक्यूआई 459 दर्ज किया गया। पीएम दस और पीएम 2.5 की मात्रा 461 और 363 दर्ज की गई। लोनी इलाके का एक्यूआई भी साढ़े चार सौ से अधिक दर्ज किया गया। यहां पर एक्यूआई 456 रहा। पीएम 10 का स्तर 480 और पीएम 2.5 का स्तर 308 रहा। संजय नगर का एक्यूआई 449 रहा। यहां पर पीएम दस 393 और पीएम 2.5 का स्तर 359 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम में पीएम दस की मात्र सबसे अधिक रही। यहां पर पीएम दस का स्तर 475 दर्ज किया गया। पीएम 2.5 का स्तर 328 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम का एक्यूआई 447 दर्ज किया गया। यहां पर एक्यूआई 458 दर्ज किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा ने बताया कि प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। इसको रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। हवा की गति कम होने की वजह से तेजी से प्रदूषण का स्तर बढ़ा है।
हवा की गति कम और तापमान में गिरावट के चलते बढ़ रहा प्रदूषण
तीन दिनों से हवा की गति बहुत ही कम हो गई है। पहले हवा की गति 10 किमी से ऊपर थी लेकिन अब हवा की गति 5 से 7 किमी के बीच रह गई है। इसके साथ ही रात में तापमान में गिरावट हो रही है। इसकी वजह से ठंडक बढ़ रही है। जिसका असर है कि प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। सुबह के समय प्रदूषण स्तर में ज्यादा बढ़ोतरी देखी जा रही है। पीसीबी अधिकारियों की मानें तो हवा चलने पर ही प्रदूषण से राहत मिल सकती है।
सुबह के समय पीएम दस नौ गुना और पीएम ढाई 12 गुना
सुबह के समय प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब है। पीएम दस का स्तर मानकों से नौ गुना और पीएम 2.5 का स्तर मानकों से 11 गुना अधिक दर्ज किया जा रहा है। सुबह सात से 12 बजे तक स्थिति काफी खराब है। आंकडे़ देखे जाए तो वसुंधरा में सुबह सात बजे पीएम दस और पीएम 2.5 सबसे ज्यादा रहा। इस दौरान पीएम दस 819 और पीएम 2.5 का स्तर 720 दर्ज किया गया। जो कि मानकों से आठ और 12 गुना अधिक था। संजय नगर में सुबह नौ बजे पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। इस दौरान पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर 712 और 658 दर्ज हुआ। लोनी में तो सुबह नौ बजे करीब पीएम दस का स्तर 901 दर्ज किया गया। पीएम 2.5 का स्तर दोपहर दो बजे सबसे अधिक 737 रहा। इंदिरापुरम में भी सुबह नौ बजे पीएम दस और पीएम 2.5 उच्चतम स्तर पर रहे। इस दौरान पीएम दस का स्तर 777 और पीएम 2.5 का स्तर 644 दर्ज किया गया।